डिजिटल मीडिया की ओर सूचना विभाग का बड़ा कदम, डीआईपीआर पॉडकास्ट का आगाज
फेक न्यूज के दौर में विश्वसनीय सूचना जरूरी : बंशीधर तिवारी सूचना महानिदेशक

देहरादून। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (डीआईपीआर) ने डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक नई पहल करते हुए डिजिटल पॉडकास्ट का औपचारिक शुभारंभ किया। जिला सूचना कार्यालय देहरादून में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सूचना महानिदेशक एवं एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्वयं पहले पॉडकास्ट की रिकॉर्डिंग कर इस पहल की शुरुआत की।

इस पहल का उद्देश्य सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को आधुनिक डिजिटल माध्यमों के जरिए आम जनता तक सरल एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।
इस अवसर पर सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में पॉडकास्ट सूचना एवं संवाद का एक प्रभावशाली माध्यम बनकर उभरा है। इसके माध्यम से विभागीय योजनाओं, सरकार की उपलब्धियों और जनहित से जुड़े विषयों को अधिक व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ सूचना के माध्यमों में भी बदलाव आवश्यक है और डिजिटल प्लेटफॉर्म इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
फेक न्यूज पर अंकुश के लिए जरूरी है जिम्मेदार पत्रकारिता
सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही फेक न्यूज पर चिंता व्यक्त करते हुए सूचना महानिदेशक ने कहा कि डिजिटल युग में सूचनाओं की सत्यता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। किसी भी समाचार या जानकारी को साझा करने से पहले उसकी विश्वसनीयता की जांच की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि भ्रामक सूचनाएं समाज में भ्रम और गलतफहमियां पैदा कर सकती हैं। ऐसे में पत्रकारों, युवाओं और आम नागरिकों को डिजिटल प्लेटफॉर्म का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करना चाहिए।
स्थानीय संस्कृति को वैश्विक पहचान दिला रहा सोशल मीडिया
स्थानीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार में सोशल मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों ने उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों की लोक संस्कृति को वैश्विक मंच प्रदान किया है।
हरेला, इगास और छठ पूजा जैसे पारंपरिक लोकपर्वों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज सोशल मीडिया के जरिए हमारी सांस्कृतिक विरासत देश-दुनिया के लोगों तक पहुंच रही है।
उन्होंने युवा पीढ़ी और पत्रकारिता के विद्यार्थियों से अपील की कि वे सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मक संवाद, विश्वसनीय सूचनाओं के प्रसार और जनजागरूकता बढ़ाने के लिए करें।
कार्यक्रम के दौरान सूचना महानिदेशक ने जिला सूचना कार्यालय देहरादून का निरीक्षण भी किया तथा कार्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी, अपर जिला सूचना अधिकारी रवेन्द्र सिंह नेगी, कनिष्ठ सहायक इंद्रेश कोठारी सहित जिला सूचना कार्यालय के समस्त कार्मिक उपस्थित रहे।



