न्यायालय परिसर की सुरक्षा को लेकर एसपी रुद्रप्रयाग का हाई-लेवल एक्शन
एसपी निहारिका तोमर ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्वयं लिया जायजा

रुद्रप्रयाग।पुलिस मुख्यालय उत्तराखण्ड द्वारा न्यायिक परिसरों की सुरक्षा सुदृढ़ करने के निर्देशों के क्रम में, आज पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग, सुश्री नीहारिका तोमर द्वारा जनपद के माननीय जिला एवं सत्र न्यायालय का औचक निरीक्षण एवं विस्तृत सुरक्षा ऑडिट किया गया। इस उच्च स्तरीय समीक्षा का मुख्य उद्देश्य न्यायालय परिसर की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखना और भविष्य की चुनौतियों के दृष्टिगत उसे अभेद्य बनाना था।
निरीक्षण के दौरान, पुलिस अधीक्षक ने अधीनस्थ पुलिस बल के साथ न्यायालय परिसर के प्रत्येक संवेदनशील बिंदु का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने माननीय न्यायालय के प्राधिकृत अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर सुरक्षा संबंधी विभिन्न पहलुओं पर गंभीर विचार-विमर्श किया। एसपी ने अधिकारियों से फीडबैक लिया ताकि सुरक्षा घेरे में यदि कोई कमी हो, तो उसे तत्काल दूर किया जा सके।
ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को संबोधित करते हुए सुश्री नीहारिका तोमर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर जीरो नैग्लीजेंस की नीति अपनाई जाए। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों को उच्च स्तर की सतर्कता, मुस्तैदी और अनुशासन बनाए रखने की हिदायत दी। उन्होंने जोर देकर कहा कि न्यायालय की गरिमा और सुरक्षा सर्वाेपरि है, जिसके लिए रुद्रप्रयाग पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।



