शारीरिक प्रशिक्षित बेरोजगार संगठन ने केदारनाथ विधायक को सौंपा चार सूत्रीय ज्ञापन

लक्ष्मण सिंह नेगी/ ऊखीमठ । शारीरिक प्रशिक्षित बेरोजगार संगठन के एक शिष्टमंडल ने भगवान केदारनाथ के शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर उखीमठ में पूजा अर्चना करने के बाद विधायक केदारनाथ श्रीमती आशा नौटियाल से मुलाकात की और चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपते हुए उनको अवगत कराया की काफी समय से उत्तराखंड प्रदेश में व्यायाम शिक्षक की भर्ती नहीं हो पाई है ।
जिस पर उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही संगठन के पदाधिकारियों की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर व्यायाम शिक्षकों की नियुक्ति के लिए रास्ता निकाला जाएगा । शारीरिक प्रशिक्षित बेरोजगार संगठन ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति में प्राथमिक स्तर पर शारीरिक शिक्षा की अनिवार्यता के बावजूद शारीरिक शिक्षकों की भर्ती नहीं की जा रही है।
अलबत्ता स्थिति यह है कि व्यायाम शिक्षक बनने की हसरत में कई शारीरिक प्रशिक्षित बेरोजगार अपनी आयु सीमा को पार कर गए हैं उत्तराखंड में शारीरिक शिक्षा में प्रशिक्षित बेरोजगारों की संख्या लगभग 12000 से अधिक है लेकिन शिक्षा विभाग में भर्ती के मौके इन्हें 2006 के बाद नहीं मिले हैं इन युवाओं ने बीपीएड एमपीएड की डिग्री ली है, लेकिन सरकारी स्कूलों में इन्हें भर्ती नहीं किया जा रहा है ।
प्राथमिक शिक्षा भर्ती में तो इनके पद ही सृजित नहीं किए गए हैं, जबकि नई शिक्षा नीति लगने के बाद उत्तराखंड में प्राथमिक स्तर से इंटरमीडिएट स्तर तक शारीरिक शिक्षा विषय को अनिवार्य कर दिया गया हैं। ऐसे में सरकारी स्कूलों में नियमावली में बदलाव करके नियुक्ति की मांग की जा रही है। मुलाकात में
व्यायाम प्रशिक्षित बेरोजगारों ने मांग करते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत प्राथमिक विद्यालय में शारीरिक (व्यायाम )शिक्षकों की नियुक्ति के लिए नियमावली में संशोधन कर पद सृजित कर नियुक्ति की जाए , उच्च प्राथमिक विद्यालय में शारीरिक (व्यायाम) शिक्षकों की नियुक्ति संबंधी फाइल संख्या 77006 को वित्त विभाग एवं मंत्री परिषद की मंजूरी दी जाए , इंटर कॉलेज में शारीरिक (व्यायाम )शिक्षक का प्रवक्ता पद सृजन करके नियुक्ति की जाय तथा
शारीरिक (व्यायाम) प्रशिक्षित बेरोजगारों को नियुक्ति में आयु सीमा में छूट दी जाए। शिष्टमंडल में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश चंद्र पाण्डेय, महेश नेगी, गोविन्द सिंह, रविंद्र सिंह, प्रदीप नेगी, महावीर सिंह, सतीश चंद्र मौजूद थे।



