
उत्तराखंड । एक खबर सामने आ रही है जहां हरियाणा निवासी एक डाक कर्मी पर स्थानीय युवती को अपने साथ भगा ले जाने का आरोप लगा है।
जानकारी के अनुसार हरियाणा का एक युवक पिथौरागढ़ के गणाई गंगोली क्षेत्र में डाक विभाग में पोस्टमैन के पद पर तैनात है। उस पर आरोप है कि वह स्थानीय युवती को अपने साथ लेकर चला गया। युवती के परिजनों ने बेरीनाग कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने युवती की तलाश के लिए टीम गठित की। एएसआई अशोक चौधरी के नेतृत्व में टीम ने मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाया, जिसमें संबंधित युवक की लोकेशन हरियाणा क्षेत्र में मिली। पुलिस का कहना है कि युवती की सकुशल बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी दौरान पुलिस ने यह भी पाया कि उक्त युवक को बिना आवश्यक सत्यापन के किराये पर कमरा दिया गया था। इस मामले में मकान मालिक के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की गई है।
उधर, इसी क्षेत्र से एक और प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि हरिद्वार के लालढांग निवासी 26 वर्षीय युवक की फेसबुक के माध्यम से बेरीनाग क्षेत्र की 30 वर्षीय महिला से पहचान हुई थी। दोनों के बीच पिछले करीब दो वर्षों से बातचीत चल रही थी और यह संबंध धीरे-धीरे प्रेम में बदल गया और अब महिला युवक के साथ भाग गई है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।



