
देहरादून/बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में चल रही 41वीं राष्ट्रीय सीनियर एवं 8वीं कैडेट राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में उत्तराखंड की बेटी सुहाना ने स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया है। रुड़की की रहने वाली सुहाना ने उत्तराखंड टीम से खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के अपने पहले मुकाबले में सुहाना ने बंगाल की खिलाड़ी पर 18–8 से जीत हासिल की। इसके बाद निर्णायक मुकाबले में उन्होंने हरियाणा की खिलाड़ी को 17–11 के अंतर से हराते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
ताइक्वांडो उत्तराखंड के अध्यक्ष अमित मल्होत्रा ने सुहाना को बधाई देते हुए कहा कि रुड़की की इस बेटी ने राज्य को इस प्रतियोगिता का पहला स्वर्ण दिलाया है। उन्होंने बताया कि सुहाना के प्रदर्शन को देखते हुए उम्मीद है कि वह जल्द ही भारत की टीम से भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेगी।
स्वर्ण पदक के बाद प्रदेश में खुशी का माहौल है और सुहाना के उज्ज्वल भविष्य की कामना की जा रही है।



