देहरादून

गौण्डार गांव में सार्वजनिक आयोजनों में शराब परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध

जागरूकता रैली निकालकर दिया सशक्त संदेश

खबर को सुनें

लक्ष्मण सिंह नेगी/ऊखीमठ। 

मदमहेश्वर घाटी की सीमांत ग्राम पंचायत गौण्डार में सामाजिक सरोकारों को लेकर एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। ग्रामवासियों ने सर्वसम्मति से गांव में आयोजित होने वाले सभी सार्वजनिक कार्यक्रमों में शराब परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है।

इस पहल को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और इसे सामाजिक सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है । प्रधान अनूप पंवार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में महिला मंगल दल, युवक मंगल दल, बुजुर्गों तथा जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में इस प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सार्वजनिक आयोजनों में शराब के सेवन से सामाजिक वातावरण दूषित होता है, जिससे पारिवारिक और सामाजिक संबंधों पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। विशेषकर युवा पीढ़ी पर इसका दुष्प्रभाव पड़ रहा है, जिसे देखते हुए यह कठोर लेकिन आवश्यक निर्णय लिया गया। निर्णय के बाद ग्रामवासियों ने गांव में जन-जागरूकता रैली निकालकर इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।

रैली में महिलाएं, युवा और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। “नशा मुक्त गांव बनाना है”, “शराब छोड़ो, समाज जोड़ो” जैसे नारों के साथ ग्रामीणों ने पूरे गांव का भ्रमण किया और लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। महिला मंगल दल अध्यक्ष प्रतिभा देवी ने कहा कि गांव की महिलाएं लंबे समय से इस समस्या से जूझ रही थीं और अब सामूहिक निर्णय के बाद उन्हें राहत की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि इस निर्णय का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सामाजिक स्तर पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं युवक मंगल दल के सदस्यों ने भी इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया और युवाओं से सकारात्मक गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाने की अपील की।

ग्राम प्रधान अनूप पंवार ने बताया कि यह निर्णय गांव के सर्वांगीण विकास और स्वस्थ सामाजिक वातावरण के निर्माण के उद्देश्य से लिया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी इस तरह के जनहितकारी निर्णय लिए जाते रहेंगे, जिससे गांव को एक आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जा सके।

नव युवक मंगल दल अध्यक्ष अरविंद पंवार ने कहा कि इस पहल से न केवल सामाजिक समरसता मजबूत होगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी एक सकारात्मक संदेश मिलेगा। जागरूकता रैली और सामूहिक निर्णय ने यह स्पष्ट कर दिया है कि गौण्डार गांव अब नशा मुक्त समाज की दिशा में ठोस कदम बढ़ा चुका है।

इस मौके पर पूर्व प्रधान बीर सिंह पंवार, भगत सिंह पंवार, प्रीति देवी, शिवानी देवी, गीता देवी, दीपा देवी, सरला देवी, सुकरी देवी, रेखा देवी, सुमन देवी, लक्ष्मी देवी, बीना देवी, विमला देवी सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी व ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button