उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, आशीष चौहान बने देहरादून के नए डीएम

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने देर रात बड़े स्तर पर प्रशासनिक तबादले किए हैं। जारी आदेश के अनुसार कई IAS और PCS अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। इस फेरबदल में सबसे चर्चित नाम देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल का रहा।


सरकार ने देहरादून के डीएम सविन बंसल (IAS-2009) को उनके वर्तमान पद से हटाते हुए अब सचिव नियोजन विभाग की नई जिम्मेदारी सौंपी है। इसके साथ ही उनसे स्मार्ट सिटी देहरादून के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) का अतिरिक्त प्रभार भी वापस ले लिया गया है।
सविन बंसल अपने कार्यकाल के दौरान देहरादून में स्मार्ट सिटी परियोजनाओं, ट्रैफिक सुधार, अतिक्रमण कार्रवाई और प्रशासनिक सख्ती को लेकर लगातार चर्चाओं में रहे। अब शासन ने उन्हें सचिव स्तर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर नई भूमिका में भेजा है।
वहीं, देहरादून के नए जिलाधिकारी के तौर पर आशीष चौहान (IAS-2012) की तैनाती की गई है। उन्हें UCADA के CEO और खेल विभाग के निदेशक पद से हटाकर देहरादून का डीएम बनाया गया है। साथ ही उन्हें स्मार्ट सिटी देहरादून के CEO की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है।



