रूद्रप्रयाग

अवैध शराब तस्करी पर कसा शिकंजा, तीन तस्कर गिरफ्तार, 61 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद

आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई

खबर को सुनें

रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों के क्रम में जनपद रुद्रप्रयाग में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। जनपद में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से विभाग द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में नियमित चेकिंग और छापेमारी की जा रही है।

इसी अभियान के तहत 31 मई की शाम आबकारी विभाग की टीम ने यात्रा मार्ग क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की।

जिला आबकारी अधिकारी रमेश बंगवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि आबकारी विभाग की टीम को क्षेत्र में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री की सूचना प्राप्त हो रही थी, जिसके बाद विशेष निगरानी और चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान टीम ने कार्रवाई करते हुए दीपक सिंह एवं प्रकाश साही को पकड़ा, जिनके पास से कुल 36 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई।

वहीं एक अन्य कार्रवाई में मोहम्मद साबर पुत्र श्री मोहम्मद मुला को गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से 25 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इस प्रकार तीनों आरोपियों से कुल 61 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई।

बरामद शराब को कब्जे में लेते हुए तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई।

जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी स्थिति में बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। इसके लिए विभाग पूरी गंभीरता और सतर्कता के साथ लगातार अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से यात्रा मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है ताकि अवैध शराब की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि कहीं अवैध शराब की बिक्री, भंडारण या परिवहन की सूचना मिले तो इसकी जानकारी तुरंत प्रशासन या आबकारी विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने कहा कि विभाग आगे भी इसी प्रकार लगातार छापेमारी और चेकिंग अभियान जारी रखेगा तथा अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button