देहरादून

नगल बुलंदवाला, देहरादून में 26 दिवसीय माइक्रो स्किलप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट प्रोग्राम का शुभारंभ

खबर को सुनें

देहरादून। भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (EDII) द्वारा एक्सेंचर कंपनी के वित्तीय सहयोग से देहरादून जिले के नगल बुलंदवाला में महिलाओं के लिए 26 दिवसीय माइक्रो स्किलप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट प्रोग्राम (MSDP) का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उद्यमिता एवं व्यवसायिक कौशल से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर और स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना है।

55 महिलाओं ने लिया प्रशिक्षण में भाग

प्रशिक्षण कार्यक्रम के पांचवें दिन यूएसआरएलएम के राज्य परियोजना अधिकारी (आजीविका) मोहन पाण्डेय एवं  गिरधर सिंह बिष्ट ने प्रशिक्षण में प्रतिभाग कर रही 55 महिलाओं के साथ संवाद किया तथा उन्हें उद्यमिता विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी प्रदान की।

इस अवसर पर मोहन पाण्डेय ने सफल महिला उद्यमियों की प्रेरणादायक कहानियां साझा करते हुए प्रतिभागियों को अपने हुनर और क्षमताओं को व्यवसाय के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सही सोच, निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास के साथ महिलाएं न केवल स्वयं रोजगार प्राप्त कर सकती हैं, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकती हैं।

उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को टीम वर्क एवं टीम बिल्डिंग के महत्व के बारे में भी विस्तार से बताया। उन्होंने समूह में बेहतर समन्वय, आपसी सहयोग और जिम्मेदारियों के प्रभावी विभाजन के माध्यम से कार्य करने के तरीकों पर प्रकाश डाला।

26 दिवसीय प्रशिक्षण में उद्यमिता के साथ मिलेगा व्यावहारिक कौशल

कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए EDII के परियोजना कोऑर्डिनेटर ने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को केवल सैद्धांतिक जानकारी देना नहीं, बल्कि उन्हें अपना व्यवसाय शुरू करने और सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए आवश्यक व्यावहारिक एवं व्यावसायिक दक्षताओं से लैस करना है।

उन्होंने बताया कि 26 दिवसीय प्रशिक्षण को दो प्रमुख चरणों में विभाजित किया गया है—

10 दिन – उद्यमिता विकास एवं व्यवसाय संबंधी प्रशिक्षण

16 दिन – हर्बल हाउसहोल्ड प्रोडक्ट्स का व्यावहारिक प्रशिक्षण

प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को व्यवसाय योजना तैयार करने, बाजार की पहचान, उत्पाद विकास, गुणवत्ता, वित्तीय प्रबंधन, विपणन, ग्राहक प्रबंधन तथा उद्यम संचालन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी जाएगी।

प्रशिक्षण के बाद भी मिलेगा सहयोग

प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद प्रतिभागी महिलाओं को अपना लघु उद्यम स्थापित करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया जाएगा। इसका उद्देश्य महिलाओं के कौशल को स्थायी आय के साधन में परिवर्तित करना तथा उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने के लिए सक्षम बनाना है।

एक्सेंचर के वित्तीय सहयोग से संचालित यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं में उद्यमिता की भावना विकसित करने के साथ-साथ उन्हें आधुनिक व्यवसायिक कौशल, व्यावहारिक प्रशिक्षण और आत्मविश्वास प्रदान करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

Sangeeta Butola

"उत्तराखंड की बात सपना के साथ" "दृढ़ संकल्प,मजबूत कदम"✊✊ "अपनेक्षेत्र की समस्याओं और जन मुद्दों से जुड़ी खबरों के लिए हमसे संपर्क करें, हमारे उत्साहवर्धन के लिए पेज को लाइक एवं फॉलो करें"।।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button