
देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) की ओर से आयोजित मैस्कॉट डिज़ाइन एवं स्लोगन प्रतियोगिता-2026 के विजेताओं को बुधवार को प्राधिकरण कार्यालय में सम्मानित किया गया।
समारोह में MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान विजेताओं को पुरस्कार राशि और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।
मैस्कॉट प्रतियोगिता में स्नेहा भण्डारी ने प्रथम स्थान हासिल किया, जिन्हें 50 हजार रुपये का पुरस्कार मिला। अनुराग रमोला को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 30 हजार रुपये, जबकि अंकिता बिष्ट को तृतीय पुरस्कार के रूप में 15 हजार रुपये प्रदान किए गए।
वहीं स्लोगन प्रतियोगिता में अंकित सिंह रावत ने प्रथम स्थान हासिल किया। उन्हें 10 हजार रुपये और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
MDDA की ओर से यह प्रतियोगिता 3 अगस्त से 16 अगस्त तक आयोजित की गई थी। प्राधिकरण के मुताबिक, इसका उद्देश्य जनता, युवाओं और रचनात्मक प्रतिभाओं को MDDA की पहचान और भविष्य की सोच से जोड़ना था।
उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में सामने आई रचनात्मकता जनभागीदारी और नवाचार की संभावनाओं को दर्शाती है। उन्होंने विकास कार्यों के साथ जनभागीदारी को आगे बढ़ाने की बात कही।
मैस्कॉट और स्लोगन के जरिए अब MDDA अपनी पहचान को नई रचनात्मक दिशा देने की तैयारी में है।



