ग्रामीण सड़कों को मिलेगी नई पहचान, विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने दो स्थानों पर किया सड़क निर्माण का शिलान्यास

देहरादून/विकासनगर। सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर द्वारा विभिन्न विकास कार्यों को निरंतर गति प्रदान की जा रही है।


इसी क्रम में विधायक ने ग्राम अटकफार्म के मजरा खेरी एवं ग्राम बड़ोवाला में आंतरिक मार्गों के निर्माण कार्यों का विधिवत पूजा-अर्चना कर शिलान्यास किया।
इस दौरान ग्राम अटकफार्म के मजरा खेरी में आंतरिक मार्गों के सुदृढ़ीकरण एवं आवागमन को सुगम बनाने के लिए इंटरलॉकिंग टाइल्स सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। वहीं ग्राम बड़ोवाला में आशीष शर्मा के घर से सुनील, अरुण, एवं मिलन शर्मा के घर तक बनने वाले आंतरिक मार्ग पर इंटरलॉकिंग टाइल्स सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।
विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, बिजली एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इन मार्गों के निर्माण से स्थानीय निवासियों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के आंतरिक मार्गों की स्थिति में सुधार होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। सहसपुर विधानसभा के प्रत्येक गांव तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनका संकल्प है।
विधायक पुण्डीर ने कहा कि जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाते हुए सहसपुर विधानसभा को बेहतर आधारभूत सुविधाओं से युक्त बनाने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
इस अवसर पर ग्राम अटकफार्म के मजरा खेरी में ब्लॉक प्रमुख अर्चना रावत, ग्राम प्रधान कैंचीवाला सुनीता देवी, वार्ड सदस्य प्रियंका ठाकुर, मंडल अध्यक्ष सुखदेव फरस्वाण एवं लोक निर्माण विभाग से रज्जाक अहमद सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
वहीं ग्राम बड़ोवाला में ग्राम प्रधान अंजू शर्मा, ग्राम प्रधान कांसवाली कोठड़ी नीरज नेगी एवं लोक निर्माण विभाग से रज्जाक अहमद सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।



