नीट अभ्यर्थी रिया के घर पहुंचे प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष धस्माना, परीक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
रिया थापा की आत्महत्या के लिए नीट परीक्षा की दोषपूर्ण व्यवस्था व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान दोषी : सूर्यकांत धस्माना

देहरादून। नीट परीक्षा पेपर लीक से क्षुब्ध देहरादून चंद्रबनी निवासी रिया थापा जिसने इस वर्ष की नीट परीक्षा दी थी और परीक्षा पेपर लीक होने के कारण बहुत क्षुब्ध थी जिस कारण उसने घातक कदम उठाते हुए आत्महत्या कर ली उसके चंद्रबनी स्थित निवास स्थान पर आज उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना शोक संतप्त परिवार से मिलने पहुंचे ।
उनके पिता भारतीय सेना के पूर्व सैनिक राजेश मल्ल से व दिवंगत रिया की मां छोटी बहन व इकलौते भाई से मिले व उनको ढांढस बंधाया। मुलाकात के बारे में प्रेस को बताते हुए धस्माना ने कहा कि रिया के माता पिता ने उनको बताया कि रिया इससे पहले भी नीट की परीक्षा दे चुकी थी और उसके चार सौ नंबर आए किंतु उसको एमबीबीएस के लिए सीट नहीं मिली और इसने फिर तैयारी शुरू की।
दिन रात पढ़ाई कर इस बार भी नीट परीक्षा में सम्मलित हुई और परीक्षा के बाद उसने बताया कि इस बार पेपर बहुत अच्छा हुआ। रिया के पिता ने बताया कि पेपर लीक और फिर पेपर कैंसिल होने की खबर के बाद वो बहुत ज्यादा परेशान हुई और अंतोगत्वा क्षुब्ध हो कर उसने अपनी जान ही दे दी।
धस्माना ने कहा कि रिया जैसे अनेक बच्चों ने यह घटक रास्ता चुना और इसके लिए पूर्ण तरीके से परीक्षा प्रणाली और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान जिम्मेदार हैं ।
धस्माना ने कहा कि शर्म की बात है कि पेपर लीक होने और कैंसिल होने और फिर दोबारा पेपर करवाने के निर्णय के बाद भी जिस तरह का गैर जिम्मेदाराना आचरण मंत्री धर्मेंद्र प्रधान कर रहे हैं इनको प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा तत्काल बर्खास्त कर दिया जाना चाहिए।



