
देहरादून। उत्तराखंड में उस समय हड़कंप मच गया जब केदारनाथ धाम सहित बद्रीनाथ धाम और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। धमकी मिलने के बाद पुलिस, खुफिया एजेंसियां और बम निरोधक दस्ते तुरंत सक्रिय हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, संदिग्ध ईमेल में चारधाम यात्रा के प्रमुख धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की बात कही गई है। मुख्यमंत्री को भी धमकी दिए जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
धमकी के बाद देहरादून, मसूरी और हरिद्वार समेत कई संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। मंदिर परिसरों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में डॉग स्क्वॉड और बम स्क्वॉड की मदद से जांच की गई। फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।
चारधाम यात्रा को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। यात्रा मार्गों, होटलों, धर्मशालाओं और पार्किंग स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।
साइबर टीम धमकी भरा ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में इसे शरारती तत्वों की हरकत माना जा रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही है।
अधिकारियों ने कहा है कि ऐसी धमकियों को हल्के में नहीं लिया जा सकता। जनता से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें और अफवाहों से बचें।
फिलहाल उत्तराखंड में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और मामले की जांच जारी है।



