देहरादून

नर्सिंग बेरोज़गार युवतियों पर पुलिस अभद्रता के विरोध में महिला कांग्रेस ने बोला हल्ला

खबर को सुनें

देहरादून। नर्सिंग बेरोज़गार युवतियों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान महिला पुलिसकर्मियों द्वारा की गई अभद्रता और थप्पड़ मारने की घटना के विरोध में आज उत्तराखंड महिला कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से चलकर पुलिस मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन कर घेराव किया। इस विरोध कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नर्सिंग बेरोजगार युवतियाँ भी उपस्थित रहीं।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि—“रोज़गार की मांग करने वाली बेटियों के साथ इस प्रकार का अपमानजनक और दमनकारी व्यवहार सरकार की असंवेदनशीलता को उजागर करता है। धामी सरकार युवाओं की आवाज़ सुनने के बजाय उन पर शक्ति प्रदर्शन कर रही है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।”

महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाज़ी कर पुलिस मुख्यालय का घेराव किया और सरकार का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।

रौतेला ने आगे कहा कि नर्सिंग की बेटियाँ अपने अधिकार और रोजगार मांग रही थीं, लेकिन सरकार ने उनके सवालों का जवाब संवाद से देने की बजाय थप्पड़ों और धक्कों से दिया। यह न केवल लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है बल्कि महिलाओं के प्रति सरकार की दमनकारी मानसिकता को भी दर्शाता है।

महिला कांग्रेस की प्रमुख मांगें:

1. दोषी पुलिसकर्मियों पर तत्कालीक कठोर कार्रवाई की जाए।

2. घटना की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए।

3. नर्सिंग के लंबित रिक्त पदों पर पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाए।

महिला कांग्रेस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर तेज किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी हर उस बेटी के साथ मज़बूती से खड़ी है जिसके साथ अन्याय हुआ है, और उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, महिला कांग्रेस की वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशा मनोरमा डोबरियाल, महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष उर्मिला थापा, प्रदेश महासचिव निधि नेगी, सुशीला शर्मा, पुष्पा पवार, अनुराधा तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष अनीता सकलानी, सचिव रेखा ढींगरा, सेवादल से सावित्री थापा और मंजू सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

Sangeeta Butola

"उत्तराखंड की बात सपना के साथ" "दृढ़ संकल्प,मजबूत कदम"✊✊ "अपनेक्षेत्र की समस्याओं और जन मुद्दों से जुड़ी खबरों के लिए हमसे संपर्क करें, हमारे उत्साहवर्धन के लिए पेज को लाइक एवं फॉलो करें"।।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button