केदारनाथ धाम यात्रा

भारी बर्फबारी के बावजूद केदारनाथ यात्रा की तैयारियां जारी, प्रशासन मुस्तैद

विषम परिस्थितियों के बीच भी यात्रा मार्ग सुचारु करने में जुटी हैं टीमें

खबर को सुनें

रुद्रप्रयाग।आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा जो 22 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होने जा रही है, के सफल एवं सुचारु संचालन हेतु जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। विषम मौसम परिस्थितियों के बावजूद भी प्रशासन की विभिन्न टीमें धाम क्षेत्र एवं पैदल यात्रा मार्ग को सुगम बनाने के लिए निरंतर कार्यरत हैं।

विगत तीन-चार दिनों से केदारनाथ धाम क्षेत्र में हो रही भारी बर्फबारी के कारण जहां एक ओर परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण बनी हुई हैं, वहीं दूसरी ओर प्रशासन की टीमें पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्यों का निष्पादन कर रही हैं। कठिन हालात के बावजूद भी तैयारियों की गति में कोई कमी नहीं आने दी जा रही है।

अधिशासी अभियंता डीडीएमए राजविंद सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि हालिया बर्फबारी के चलते धाम क्षेत्र एवं यात्रा मार्ग में 4 से 5 फीट तक बर्फ जम चुकी है। इसके बावजूद टीमों द्वारा निरंतर प्रयास करते हुए पूर्व में लिनचोली से केदारनाथ धाम तक लगभग 4 से 5 फीट चौड़ाई में पैदल मार्ग को सुचारु किया गया था।

उन्होंने बताया कि मौसम सामान्य होते ही प्रशासन की टीमों ने बिना समय गंवाए पुनः बर्फ हटाने का कार्य शुरू कर दिया है। धाम क्षेत्र में हेलीपैड, रुद्र पॉइंट से संगम सेतु तक मशीनों एवं मैनपॉवर के माध्यम से तेजी से बर्फ हटाई जा रही है।

अधिशासी अभियंता ने यह भी बताया कि मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में भी भारी बर्फबारी की संभावना व्यक्त की गई है, जिसके मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और आवश्यकता अनुसार मैनपॉवर एवं संसाधनों को बढ़ाया जा रहा है।

जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं यात्रा के सुचारु संचालन के लिए हर स्तर पर तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद भी प्रशासन की टीमों का समर्पण एवं कार्य के प्रति प्रतिबद्धता यह सुनिश्चित कर रही है कि यात्रा व्यवस्थाएं समय से पूर्ण हों।

Sangeeta Butola

"उत्तराखंड की बात सपना के साथ" "दृढ़ संकल्प,मजबूत कदम"✊✊ "अपनेक्षेत्र की समस्याओं और जन मुद्दों से जुड़ी खबरों के लिए हमसे संपर्क करें, हमारे उत्साहवर्धन के लिए पेज को लाइक एवं फॉलो करें"।।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button