मनोरंजनरूद्रप्रयाग

धूमधाम से मनाया विश्व रंगमंच दिवस, जैक्सवीन इन्टर कालेज में हुए भव्य कार्यक्रम

कला व साहित्य क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले हुए सम्मानित

खबर को सुनें

लक्ष्मण सिंह नेगी/ ऊखीमठ । जीवन निर्माण एजुकेशन सोसाइटी के तत्वावधान में संचालित डॉo जैक्स वीन नेशनल स्कूल गुप्तकाशी में विश्व रंगमंच दिवस बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समां बांध दिया और उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ आगंतुक अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में सांस्कृतिक वातावरण देखने को मिला, जहां नौनिहालों ने नाटक, लोकनृत्य, गीत एवं संवाद अदायगी के माध्यम से रंगमंच की महत्ता को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति में सामाजिक सरोकार, लोक संस्कृति और नैतिक मूल्यों का सुंदर समावेश देखने को मिला।

कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार डी आर पुरोहित तथा राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट सहित सैकड़ों जनप्रतिनिधि व अभिभावक उपस्थित रहे। वरिष्ठ साहित्यकार डॉ डी आर पुरोहित व राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट ने अपने संबोधन में कहा कि रंगमंच समाज का दर्पण होता है, जो व्यक्ति को अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम प्रदान करता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान आयोजन समिति एवं विद्यालय परिवार द्वारा क्षेत्र के उन प्रतिभावान युवाओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान दिया है। सम्मान समारोह में युवाओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

विद्यालय की छात्रा कृतिका राणा को विभिन्न विद्यालयी एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट भूमिकायें निभाने हेतु उत्तरांचल नाट्य कलानिधि सम्मान, रंगमंच से जुड़ी विभिन्न विधाओं में वर्षों से अपना महत्वपूर्ण योगदान प्रदान करने हेतु आचार्य सुरेशानंद गौड़, मुकेश चंद्र अंथवाल एवं दीपक नेगी को भरतमुनि नाट्य गौरव शिरोमणि सम्मान 2026 से सम्मानित किया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं प्रबंधन समिति के सदस्यों ने कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्रों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने कहा कि रंगमंच के माध्यम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति क्षमता एवं सामाजिक समझ का विकास होता है। कार्यक्रम में समिति के चेयरपर्सन मनोज कुमार बेंजवाल, अभिभावक शिक्षक संघ के अध्यक्ष आशीष राणा, वरिष्ठ रंगकर्मी सुरेशानंद नौटियाल आदि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन रंगकर्मी एवं प्राचार्य लखपत सिंह राणा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में अभिभावकों, शिक्षकों एवं क्षेत्रीय गणमान्य व्यक्तियों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही। सभी ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए आयोजन को सफल बनाने के लिए विद्यालय परिवार को बधाई दी। इस मौके पर कविता दुमागा, कविता भट्ट, विजय लक्ष्मी राणा , चन्द्रशेखर नौटियाल, पंकज पंवार, राहुल राणा , विनोद गैरोला, मानव राणा, दिव्या त्रिवेदी, सुलेखा चौहान, रजनी नौटियाल, बीना चौहान, ज्योति देवशाली, ज्योति असवाल, संगीता जमलोकी, दीप्ति सेमवाल, पूजा बिष्ट, राजेश राणा , रेखा राणा मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button