भटेश्वर वार्ड में शराब की दुकान का विरोध
महिलाओं व ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

लक्ष्मण सिंह नेगी/ऊखीमठ।
नगर क्षेत्र के भटेश्वर वार्ड में प्रस्तावित शराब की दुकान खोलने के विरोध में महिलाओं व ग्रामीणों ने एकजुट होकर तहसील प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने वार्ड में शराब की दुकान खोले जाने पर कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए इसे तत्काल निरस्त करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि भटेश्वर वार्ड एक शांतिप्रिय एवं सामाजिक रूप से संवेदनशील क्षेत्र है, जहां परिवारों, बच्चों और बुजुर्गों की संख्या अधिक है। ऐसे में शराब की दुकान खुलने से क्षेत्र का माहौल खराब होने की आशंका है। महिलाओं ने विशेष रूप से चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे घरेलू हिंसा, आपराधिक घटनाएं तथा सामाजिक बुराइयों में बढ़ोतरी हो सकती है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान महिलाओं ने कहा कि वे अपने बच्चों के भविष्य और सामाजिक वातावरण को सुरक्षित रखना चाहती हैं, इसलिए किसी भी स्थिति में वार्ड में शराब की दुकान नहीं खुलने दी जाएगी। उन्होंने प्रशासन से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए प्रस्ताव को निरस्त करने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं व ग्रामीण उपस्थित रहे और एक स्वर में अपने विरोध को प्रकट किया। इस मौके पर महिला मंगल दल अध्यक्ष संगीता देवी, गीता देवी, कुसुम देवी, तेज प्रकाश त्रिवेदी, राकेश तिवारी, प्रकाश रावत, विराट भट्ट, प्रमिला देवी, सविता देवी, नोरती देवी, बिशाम्बरी देवी, नर्मदा देवी, सुनीता देवी, इन्दु देवी, सुरेशी देवी, रंजू देवी, बिना देवी, नितिन तिवारी, खुशहाल सिंह, देवेन्द्र प्रसाद सहित तीन दर्जन अधिक ग्रामीण मौजूद थे।



