कौल्लू बैण्ड – स्वारी ग्वास मोटर मार्ग फिर विवादों में, अधूरा कार्य छोड़ गायब हुई कार्यदाई संस्था

लक्ष्मण सिंह नेगी/ऊखीमठ । लोक निर्माण विभाग डिवीजन रुद्रप्रयाग के अंतर्गत आने वाला कौल्लू बैण्ड – स्वारी ग्वास मोटर मार्ग एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गया है। सड़क पर गड्ढों के भरान का कार्य अधूरा छोड़कर कार्यदाई संस्था के रफूचक्कर होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क पर मात्र लगभग 60 प्रतिशत गड्ढों को ही भरा गया और शेष हिस्से को यूं ही छोड़ दिया गया। इससे मार्ग की स्थिति जस की तस बनी हुई है। कई स्थानों पर गड्ढे पहले से भी अधिक खतरनाक हो गए हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग की खराब स्थिति को लेकर बीते मार्च माह में मुख्यमंत्री दरबार तक फरियाद पहुंचाई गई थी। इसके बाद उम्मीद जगी थी कि जल्द ही सड़क का समुचित सुधारीकरण होगा, लेकिन हकीकत इसके उलट साबित हुई।
आधा-अधूरा काम कर कार्यदाई संस्था के गायब हो जाने से लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है। प्रधान कविता नेगी का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। स्कूली बच्चों, मरीजों और दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को हर दिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
बरसात से पहले सड़क की हालत न सुधरी तो स्थिति और भी भयावह हो सकती है।पूर्व प्रधान महेन्द्र सिंह नेगी ने लोक निर्माण विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि विभाग द्वारा न तो कार्य की नियमित निगरानी की गई और न ही गुणवत्ता का ध्यान रखा गया।
इससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका भी जताई जा रही है। सामाजिक कार्यकर्ता पंचम सिंह नेगी ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही सड़क का पूर्ण और गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य नहीं कराया गया तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
कहा कि वे अब सिर्फ आश्वासनों से संतुष्ट नहीं होंगे, बल्कि धरातल पर काम देखना चाहते हैं इस संबंध में जब विभागीय अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका। इससे लोगों में विभाग के प्रति अविश्वास और गहरा गया है।
दीपक सिंह नेगी, राजेश्वरी देवी, चैत सिंह नेगी, जसोदा देवी ने जिला प्रशासन और शासन से मामले का संज्ञान लेते हुए दोषी कार्यदाई संस्था के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।



