चमोली

शस्त्रों के साथ धार्मिक यात्रा पर छिड़ी बहस, कर्णप्रयाग घटना के बाद सख्ती की मांग तेज

खबर को सुनें

चमोली। कर्णप्रयाग में हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच हुए हिंसक विवाद के बाद धार्मिक यात्राओं के दौरान शस्त्रों की मौजूदगी को लेकर नई बहस छिड़ गई है। घटना के बाद प्रशासन, स्थानीय समाज और धार्मिक संस्थाओं के सामने यह बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि आस्था और सार्वजनिक सुरक्षा के बीच संतुलन कैसे बनाया जाए।

चारधाम यात्रा और हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान हर वर्ष लाखों श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचते हैं, लेकिन हालिया घटना ने यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं बढ़ा दी हैं। बताया जा रहा है कि मंगलवार, 16 जून को कर्णप्रयाग बाजार में किसी बात को लेकर निहंग श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

विवाद के दौरान धारदार हथियारों के इस्तेमाल की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद मामला केवल मारपीट तक सीमित नहीं रहा, बल्कि धार्मिक यात्राओं के दौरान अनुशासन और सुरक्षा मानकों पर व्यापक चर्चा शुरू हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ ही मिनटों में बाजार का माहौल भय और अफरा-तफरी में बदल गया।

दुकानदारों ने आनन-फानन में अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना में कई लोग घायल हुए, जबकि गंभीर रूप से घायल एक व्यापारी को एयरलिफ्ट करना पड़ा।

हाईवे जाम कर जताया विरोध

घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में भारी आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों ने बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यात्रा मार्गों पर शस्त्रों के प्रदर्शन को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं, लेकिन हर बार मामला दबा दिया जाता है। उन्होंने प्रशासन से स्पष्ट व्यवस्था बनाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की।

प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती

घटना की गंभीरता को देखते हुए गौरव कुमार और सुरजीत सिंह पंवार स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और अन्य की भूमिका की जांच जारी है।

एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि उत्तराखंड की धार्मिक यात्राओं में किसी भी प्रकार की हिंसा, दबंगई या कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यदि कोई व्यक्ति नशीले पदार्थों या दुरुपयोग योग्य हथियारों के साथ पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं

यह पहली घटना नहीं है। 3 जून 2025 को श्रीनगर में भी हेमकुंड साहिब जा रहे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच विवाद के बाद तलवारबाजी हुई थी। उस मामले में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया था। तब भी स्थानीय लोगों ने हाईवे जाम कर विरोध जताया था।

कृपाण का धार्मिक महत्व

सिख धर्म में कृपाण केवल हथियार नहीं, बल्कि आस्था, साहस और न्याय का प्रतीक है। यह सिखों के पांच ककारों में शामिल है और गुरु गोबिंद सिंह द्वारा स्थापित खालसा परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार कृपाण धारण करने का उद्देश्य आक्रमण नहीं, बल्कि अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध खड़े होने की भावना को जीवित रखना है।

कर्णप्रयाग की घटना के बाद अब मांग तेज हो गई है कि धार्मिक यात्राओं के दौरान शस्त्र धारण को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश तय किए जाएं, ताकि आस्था की गरिमा भी बनी रहे और सार्वजनिक सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button