यहां सेना का वाहन दुर्घटनाग्रस्त, स्थानीय लोगों की सूझबूझ से बची जवानों की जान

चमोली/मंडल। चमोली जनपद के मंडल-चोपता मोटर मार्ग पर दिलों बैंड के समीप बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां सेना का एक वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में वाहन में सवार दो जवान घायल हो गए, जिनमें धवन सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान वहां मौजूद एक स्थानीय युवक ने साहस और मानवता का परिचय देते हुए बिना देर किए राहत कार्य शुरू किया। युवक ने अन्य लोगों की मदद से दोनों घायल जवानों को वाहन से बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल गोपेश्वर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल धवन सिंह की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें हेलीकॉप्टर के माध्यम से हायर सेंटर रेफर कर दिया।
स्थानीय लोगों ने युवक की बहादुरी और तत्परता की सराहना की है। समय रहते की गई मदद से दोनों जवानों की जान बचाई जा सकी।



