उत्तराखंड बोर्ड रिजल्ट हो गया जारी, बेटियों ने मारी फिर बाजी
हाईस्कूल-इंटर में लड़कियों का दबदबा, टॉपर्स लिस्ट जारी

देहरादून। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद द्वारा हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम आधिकारिक रूप से घोषित कर दिया गया। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की गरिमामयी उपस्थिति में परिषद मुख्यालय, रामनगर में रिजल्ट जारी किया गया।

हाईस्कूल परीक्षा 2026 में कुल 1,12,266 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,08,983 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। इनमें से 1,00,373 परीक्षार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए। इस वर्ष हाईस्कूल का कुल परीक्षाफल 92.10 प्रतिशत रहा।
परीक्षाफल में एक बार फिर छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन किया है। बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 96.07 रहा, जबकि बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 88.03 प्रतिशत दर्ज किया गया।
संस्थागत परीक्षार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 92.47 प्रतिशत रहा, जबकि व्यक्तिगत परीक्षार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 65.05 प्रतिशत दर्ज किया गया।
परिषद के अनुसार, वर्ष 2025 की तुलना में इस वर्ष का परिणाम 1.33 प्रतिशत अधिक रहा है, जो शिक्षा स्तर में सुधार का संकेत देता है।
वहीं, सम्मान सहित (75 प्रतिशत से अधिक अंक) उत्तीर्ण होने वाले परीक्षार्थियों की संख्या 7,935 (7.28 प्रतिशत) रही। प्रथम श्रेणी में 30,734 (28.20 प्रतिशत), द्वितीय श्रेणी में 46,708 (42.86 प्रतिशत) और तृतीय श्रेणी में 14,986 (13.75 प्रतिशत) परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए।
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सभी सफल परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता लगातार बेहतर हो रही है और छात्रों का प्रदर्शन सराहनीय है। साथ ही उन्होंने असफल छात्रों को निराश न होने और पुनः प्रयास करने की सलाह दी।



