ऋषिकेशहादसा

ब्रेकिंग: श्रद्धालुओं से भरी बस बद्रीनाथ से हरिद्वार लौटते वक्त शिवपुरी में पलटी, बड़ा हादसा टला

खबर को सुनें

ऋषिकेश। चारधाम यात्रा मार्ग पर रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब बद्रीनाथ से हरिद्वार लौट रही यात्रियों से भरी एक बस शिवपुरी क्षेत्र के पास अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि बस में चालक और परिचालक सहित कुल 27 लोग सवार थे। दुर्घटना में सात यात्रियों को हल्की चोटें आईं, जबकि एक महिला यात्री को अपेक्षाकृत अधिक चोट आई है। घायल महिला की पहचान तनु गुप्ता, निवासी लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ढालवाला की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। निरीक्षक कवींद्र सजवाण के नेतृत्व में सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल उप जिला चिकित्सालय ऋषिकेश भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी की स्थिति सामान्य बताई गई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस चालक की साइड की खिड़की अचानक खुल गई थी। चालक उसे बंद करने का प्रयास कर रहा था, इसी दौरान बस का संतुलन बिगड़ गया और वाहन पलट गया।

प्रशासन की ओर से सभी यात्रियों के लिए वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था कर उन्हें उनके गंतव्य लखीमपुर खीरी के लिए रवाना किया जा रहा है।

राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button