
चमोली। नारायणबगड़ स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया, अस्पताल की क्षतिग्रस्त दीवार का निरीक्षण करने के दौरान दीवार भर-भरा कर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. नवीन डिमरी गंभीर रूप से घायल हो गए, पीएचसी नारायणबगड़ में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई।
पीएचसी में तैनात अन्य चिकित्सकों के अनुसार, 25 जून को हुई भारी बारिश और भूस्खलन के कारण मलबे व तेज पानी से अस्पताल की दीवार के नीचे कटाव हो गया था, इससे दीवार अंदर से खोखली हो गई थी, शनिवार को लगातार बारिश के बीच डॉ. नवीन डिमरी क्षतिग्रस्त दीवार का निरीक्षण करने पहुंचे थे,इसी दौरान दीवार अचानक भर-भरा कर गिर गई और वे मलबे में दब गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों और अस्पताल कर्मियों ने उन्हें तुरंत बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया, इसके बाद उन्हें हायर सेंटर भेजा गया, लेकिन रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया, डॉ. नवीन डिमरी मूल रूप से देवलधार, गोपेश्वर के निवासी थे, उनकी आकस्मिक मृत्यु से स्वास्थ्य विभाग और क्षेत्र में शोक की लहर है।



