खिर्सू क्षेत्र में गुलदार का हमला : बुजुर्ग घायल, शाम तक ट्रेंकुलाइज कर रेस्क्यू

पौड़ी जनपद के विकास खंड खिर्सू के जोगणी गांव में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक गुलदार ने गांव के पास धारे पर पानी लेने गए एक बुजुर्ग पर हमला कर दिया। घटना सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग जैसे ही पानी लेने पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया। बुजुर्ग के शोर मचाने पर गुलदार वहां से भाग गया, लेकिन हमले में उनके सिर और हाथ पर दांत व नाखून के गहरे निशान आए हैं। घायल बुजुर्ग को तत्काल उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गुलदार की तलाश शुरू की गई।
कड़ी मशक्कत के बाद शाम करीब 5:30 बजे वन विभाग की टीम ने गुलदार को ट्रेंकुलाइज कर काबू में कर लिया। बताया जा रहा है कि गुलदार झाड़ियों में छिपा हुआ था और बीमार हालत में लग रहा था। रेस्क्यू के बाद उसे नागदेव रेंज, पौड़ी ले जाया गया है।
वन क्षेत्राधिकारी लक्ष्यत्र लव शाह, वन बीट अधिकारी रवींद्र कुमार सहित पूर्वी खिर्सू बीट की टीम पूरे अभियान में जुटी रही। वन विभाग के अनुसार, पकड़ा गया गुलदार करीब 6 साल की मादा है।
फिलहाल गांव में दहशत का माहौल है, लेकिन गुलदार के रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। वन विभाग आगे की जांच और उपचार के लिए गुलदार की निगरानी कर रहा है।



