तोता घाटी के पास खाई में गिरा वाहन, लापता युवती सकुशल बरामद

28 अप्रैल 2026 को तोता घाटी क्षेत्र में एक गंभीर सड़क हादसा सामने आया, जहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। सूचना मिलते ही State Disaster Response Force (SDRF) की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कठिन परिस्थितियों में सफल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
सुबह करीब 06:27 बजे जिला नियंत्रण कक्ष के माध्यम से सूचना मिली कि महादेव चट्टी के पास एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना पर SDRF पोस्ट व्यासी से उप निरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि वाहन (DL 11 CD 3154) मुख्य मार्ग से लगभग 350 मीटर नीचे खाई में गिरकर नदी किनारे पहुंच गया था। बिना समय गंवाए टीम ने गहरी खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
वाहन में सवार दो लोग—दिल्ली निवासी युवक और युवती—घायल अवस्था में मिले। SDRF टीम ने पहले युवक को सुरक्षित निकाला और प्राथमिक उपचार देते हुए नदी के किनारे से राफ्ट के माध्यम से कोडियाला पहुंचाया, जहां से 108 एंबुलेंस द्वारा अस्पताल भेजा गया।
इसके बाद टीम ने लापता युवती की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया। सघन खोजबीन के दौरान युवती को भी सकुशल बरामद कर लिया गया। दोनों घायलों को सुरक्षित निकालकर उपचार हेतु हायर सेंटर भेज दिया गया।
घायलों का विवरण:
अनीश (22 वर्ष), पुत्र श्री संदीप, निवासी दिल्ली
सुहानी (20 वर्ष), निवासी दिल्ली
SDRF की तत्परता और साहसिक कार्य से एक बड़ा हादसा टल गया और दोनों की जान बचाई जा सकी।



