आस्थारूद्रप्रयाग

द्वितीय केदार भगवान मद्महेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली कल होगी कैलाश रवाना

21 मई को खुलेंगे श्रद्धा के द्वार, यात्रा पड़ावों पर लौटने लगी रौनक

खबर को सुनें

लक्ष्मण सिंह नेगी/ऊखीमठ। द्वितीय केदार भगवान मद्महेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली मंगलवार को शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मन्दिर ऊखीमठ से विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कैलाश के लिए रवाना होगी।

डोली के प्रस्थान को लेकर सम्पूर्ण मद्महेश्वर घाटी भक्तिमय वातावरण में डूबी हुई है तथा यात्रा पड़ावों पर रौनक लौटने लगी है। भगवान मद्महेश्वर के कपाट आगामी 21 मई को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिये जाएंगे।

सोमवार को ओंकारेश्वर मन्दिर में भगवान मद्महेश्वर की विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। डोली यात्रा को लेकर मंदिर समिति , नगर पंचायत एवं हक – हकूकधारियो द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गयी हैं।

डोली यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, हक-हकूकधारी तथा स्थानीय ग्रामीण शामिल होंगे। जानकारी देते हुए ओंकारेश्वर मन्दिर प्रभारी विजेन्द्र बिष्ट ने बताया कि भगवान मद्महेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली मंगलवार प्रातः ओंकारेश्वर मन्दिर से रवाना होकर प्रथम रात्रि प्रवास हेतु राकेश्वरी मन्दिर रासी पहुंचेगी।

अगले दिन भगवान मद्महेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली अन्तिम रात्रि प्रवास के लिए गौण्डार गांव पहुंचेगी तथा २१ मई को भगवान मद्महेश्वर के कपाट वेद ऋचाओं के साथ विधि – विधान से खोलें जायेंगे।

नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण ने बताया कि मंगलवार को भगवान मद्महेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली के धाम रवाना होने से पूर्व पैदल यात्रा मार्ग की साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है तथा क्षेत्रीय जनता में भारी उत्साह बना हुआ है ।

प्रधान संगठन के ब्लॉक महामंत्री मदन भट्ट ने बताया कि मदमहेश्वर घाटी के प्रमुख यात्रा पड़ावों , मनसूना , राउलैक, उनियाणा, रासी, गौण्डार, बंतोली एवं अन्य क्षेत्रों में यात्रियों की आवाजाही बढ़ने से व्यापारिक गतिविधियां भी तेज हो गयी हैं। स्थानीय होटल व्यवसायी, घोड़ा-खच्चर संचालक एवं दुकानदार यात्रा सीजन को लेकर उत्साहित नजर आ रहे हैं।

ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी का कहना है कि बाबा मद्महेश्वर की यात्रा क्षेत्र की आर्थिकी का प्रमुख आधार है और यात्रा शुरू होने से घाटी में फिर से चहल-पहल लौट आयी है।

बताया कि श्रद्धालुओं में बाबा मद्महेश्वर के दर्शन को लेकर भारी उत्साह बना हुआ है। दूर-दराज राज्यों से आने वाले श्रद्धालु ऊखीमठ सहित मदमहेश्वर घाटी पहुंचने लगे हैं। पूरे क्षेत्र में “जय बाबा मद्महेश्वर” के जयघोष गूंज रहे हैं तथा धार्मिक आस्था का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button