देहरादून

स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियां तेज

शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रदर्शनी, सांस्कृतिक गतिविधियों और व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम होंगे आयोजित

खबर को सुनें

देहरादून। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में आज विकास भवन सभागार में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किए जाने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देश के प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को सशक्त करने का एक महत्वपूर्ण जनअभियान है।

यह अभियान स्वतंत्रता संग्राम के आदर्शों और राष्ट्रनिर्माण में जनभागीदारी के महत्व को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक घर, प्रत्येक नागरिक और प्रत्येक समुदाय को आजादी के इस राष्ट्रीय उत्सव से सक्रिय रूप से जोड़ना है।

बैठक में अभियान को जन-जन का उत्सव बनाने तथा अधिकाधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का जनआंदोलन है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी एवं व्यापक रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने विशेष रूप से अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली तिरंगा यात्राओं में आमजन की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए संबंधित उप जिलाधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों को ब्लॉक एवं विधानसभा स्तर पर तिरंगा यात्रा एवं साइकिल रैली आयोजित करने की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि इन आयोजनों में युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों, महिला समूहों तथा स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

मुख्य विकास अधिकारी ने नगर निगम को शहरी क्षेत्रों तथा ग्राम विकास विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थलों, पार्कों, मॉल, प्रमुख चौराहों एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से संबंधित प्रदर्शनी एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, उसके महत्व तथा स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों से जोड़ने के लिए विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएं।

उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत आयोजित प्रत्येक गतिविधि, कार्यक्रम एवं आयोजन का विवरण तथा फोटोग्राफ निर्धारित समयावधि में ‘हर घर तिरंगा पोर्टल’ पर अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए, ताकि अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग एवं प्रगति का समुचित आकलन किया जा सके।

बैठक में अभियान की रूपरेखा, विभागवार दायित्वों तथा कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं समन्वित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री जायसवाल, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेमलाल भारती, जिला पर्यटन विकास अधिकारी यशपाल चौहान, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र श्रीमती बीना बोरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Sangeeta Butola

"उत्तराखंड की बात सपना के साथ" "दृढ़ संकल्प,मजबूत कदम"✊✊ "अपनेक्षेत्र की समस्याओं और जन मुद्दों से जुड़ी खबरों के लिए हमसे संपर्क करें, हमारे उत्साहवर्धन के लिए पेज को लाइक एवं फॉलो करें"।।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button