MDDA1
केदारनाथ धाम यात्रादेहरादून

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शीतकाल के लिए बंद हुए बाबा केदारनाथ के कपाट

जयकारों के बीच ऊखीमठ रवाना हुई उत्सव डोली

खबर को सुनें

केदारनाथ प्रातः 8:30 बजे विधि-विधान के साथ संपन्न हुई कपाट बंद होने की प्रक्रिया, 13 नवंबर को ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचेगी बाबा केदार की डोली

MDDA2

केदारनाथ। विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को प्रातः 8:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक परंपराओं के अनुसार शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा का विधिवत समापन हो गया।

इस पावन अवसर पर पूरा धाम बाबा केदार के जयकारों से गूंज उठा। वहीं, भगवान केदारनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना हो गई।

कपाट बंद करने की प्रक्रिया बुधवार तड़के सुबह चार बजे से विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शुरू हुई। निर्धारित परंपराओं के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा संपन्न कराई गई और सुबह 8:30 बजे शुभ मुहूर्त में मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन और कपाट बंद होने के ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने।

कपाट बंद होने के अवसर पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर, मंदिर समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहन सिंह रागड़, पुलिस उपाधीक्षक अवनी तिवारी, चौकी प्रभारी मुकेश डिमरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, तीर्थ पुरोहित, हक-हकूकधारी एवं देशभर से पहुंचे श्रद्धालु मौजूद रहे।

कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की चल विग्रह उत्सव डोली ने मंदिर परिसर की परिक्रमा की और शीतकालीन प्रवास के लिए ऊखीमठ रवाना हो गई। डोली के धाम से विदा होने के दौरान श्रद्धालुओं ने भावुक मन से जयकारे लगाकर बाबा को विदाई दी। इस दौरान पूरा केदारपुरी क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बाबा केदार की डोली बुधवार को प्रथम रात्रि प्रवास के लिए रामपुर पहुंचेगी। 12 नवंबर को गुप्तकाशी और 13 नवंबर को अपने शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंचेगी। इसके बाद यहां विधि-विधान के साथ बाबा केदार की शीतकालीन पूजा-अर्चना शुरू होगी।

अगले छह माह तक बाबा केदार की पूजा एवं धार्मिक अनुष्ठान ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में संपन्न होंगे। इस दौरान श्रद्धालु ऊखीमठ पहुंचकर बाबा के शीतकालीन दर्शन कर सकेंगे। वहीं, हिमालय की गोद में स्थित केदारपुरी में अब शीतकालीन विराम शुरू हो गया है। आगामी वर्ष 2027 में ग्रीष्मकाल के दौरान कपाट पुनः खुलने के साथ ही केदारनाथ यात्रा का नया अध्याय शुरू होगा।

Sangeeta Butola

"उत्तराखंड की बात सपना के साथ" "दृढ़ संकल्प,मजबूत कदम"✊✊ "अपनेक्षेत्र की समस्याओं और जन मुद्दों से जुड़ी खबरों के लिए हमसे संपर्क करें, हमारे उत्साहवर्धन के लिए पेज को लाइक एवं फॉलो करें"।।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button