मलेरिया से बचाव व रोकथाम को लेकर किया जागरूक,बचाव के उपायों की दी जानकारी

रुद्रप्रयाग। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तत्वावधान में विश्व मलेरिया दिवस पर अगस्त्यमुनि ब्लाक के दूरस्थ इंटर काॅलेज द्वारीधार में गोष्ठी का आयोजन कर मलेरिया के लक्षण व उससे बचाव के बारे में जानकारी दी गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राम प्रकाश के निर्देशन में विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा इंटर कालेज द्वारीधार में जागरूकता गोष्ठी व किशोर स्वास्थ्य सत्र का आयोजन किया गया। जागरूकता गोष्ठी में ऐपिडेमियोलॉजिस्ट डाॅ. शाकिब हुसैन ने कहा कि मलेरिया का मच्छर साफ पानी में ठहरता है, लिहाजा मलेरिया से बचाव के दृष्टिगत घरों के आसपास पानी जमा न होने दें।
उन्होंने पानी से भरे गड्ढों को मिट्टी से भरने, पानी के बर्तन व टंकी को ढक कर रखने, नालियों में पानी न रुकने देने, नियमित सफाई करने, दरवाजों में जाली का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ठंड के साथ बुखार आना, सिरदर्द होना, जी मिचलाना, कमजोरी महसूस होना, भूख न लगना आदि मलेरिया बुखार के लक्षण हैं। उन्होंने मलेरिया के लक्षण प्रतीत होने पर संबंधित व्यक्ति को तत्काल निकटतम चिकित्सा केंद्र में संपर्क करने की अपील की।
प्रधानाचार्य महिपाल सिंह नेगी द्वारा दूरस्थ विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजन की विभागीय पहल की सराहना की। उन्होंने छात्र-छात्राओं को मलेरिया रोकथाम के लिए गोष्ठी में बताए गए उपयों पर अमल करने के लिए छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को मलेरिया रोग से बचाव से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए गए।
गोष्ठी के उपरांत विद्यालय में किशोर स्वास्थ्य सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें काउंसलर आरकेएसके विपिन सेमवाल द्वारा अनीमिया से बचाव, किशोर स्वास्थ्य व माहवारी स्वच्छता को लेकर जानकारी दी गई। सोशल वर्कर एनटीसीपी दिगपाल कंडारी व आईईसी समन्वयक हरेंद्र सिंह नेगी द्वारा तंबाकू के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी।



