तल्लानागपुर चोपता फलासी में महा बन्याथ,सातवें दिन उमड़ा आस्था का सैलाब
कल निकलेगी भव्य जल कलश यात्रा

ऊखीमठ। तल्लानागपुर क्षेत्र के चोपता फलासी में आयोजित हो रहे ऐतिहासिक महा बन्याथ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। 25 वर्षों बाद आयोजित इस नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया है।
महा बन्याथ के सातवें दिन दूर-दराज़ क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुति देकर पुण्य अर्जित किया और देवी के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा। महा बन्याथ के सातवें दिन के प्रमुख आकर्षण के रूप में द्वारिका पीठ के शंकराचार्य राजराजेश्वरानन्द महाराज की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके साथ दीक्षा पार्टीज के चेयरमैन कुलदीप रावत ने भी आयोजन में सहभागिता कर विधिवत पूजा-अर्चना की।
शंकराचार्य महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों को धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। इस दौरान आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में भजन-कीर्तन कर रही हैं, जिससे पूरा क्षेत्र भक्ति रस में डूबा हुआ है।
यज्ञशाला में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आचार्यों द्वारा विधिवत अनुष्ठान संपन्न कराया जा रहा है। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए भंडारे, पेयजल व अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था की गई है।
महा बन्याथ के तहत कल निकलने वाली भव्य और दिव्य जल कलश यात्रा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस यात्रा में सैकड़ों कन्याये सिर पर कलश धारण कर क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होते हुए यज्ञ स्थल तक पहुंचेंगी। यात्रा को लेकर क्षेत्र में विशेष उत्साह बना हुआ है और इसे सफल बनाने के लिए स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ आयोजन समिति के सदस्य जुटे हुए हैं।
तुंगेश्वर मन्दिर समिति अध्यक्ष मानवेन्द्र बर्त्वाल ने बताया कि जल कलश यात्रा इस महा बन्याथ का प्रमुख आकर्षण होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। सुरक्षा, यातायात एवं व्यवस्थाओं को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कहा कि महा बन्याथ के चलते तल्लानागपुर क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।
सचिव पूर्ण सिंह खत्री का कहना है कि इतने लंबे अंतराल के बाद हो रहे इस आयोजन ने क्षेत्र की पहचान को नई ऊर्जा दी है और आने वाले दिनों में भी ऐसे आयोजन होते रहने चाहिए।
समापन की ओर बढ़ रहे इस महा आयोजन में हर दिन श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा हो रहा है, जो इसकी लोकप्रियता और धार्मिक आस्था का प्रतीक है। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से जल कलश यात्रा में सहभागिता करने की अपील की है, ताकि यह आयोजन ऐतिहासिक रूप से सफल बनाया जा सके।
इस मौके पर प्रबंधक कल्याण सिंह नेगी, उपाध्यक्ष दलवीर सिंह राणा, सह सचिव मगन सिंह नेगी, पण्डित जगदम्बा प्रसाद बेजवाल, त्रिलोचन भट्ट, जिला पंचायत सदस्य सम्पन्न नेगी, गम्भीर बिष्ट, साहित्यकार बलदीप बर्त्वाल, प्रधान हेमा देवी, अखिलेश नेगी, आजाद खत्री, क्षेत्र पंचायत सदस्य दिनेश नेगी, पूर्व प्रधान महेन्द्र सिंह नेगी, विनोद रावत, नीरज सिंह नेगी, रणवीर फर्स्वाण, दीपेन्द्र नेगी, सते सिंह नेगी सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद थे।



