केदारनाथ धाम यात्रा

शॉर्टकट के चक्कर में नदी किनारे फंसे दिल्ली के 4 श्रद्धालु

रुद्रप्रयाग पुलिस, YMF व DDRF की संयुक्त टीम ने किया सफल रेस्क्यू

खबर को सुनें

रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुगम एवं सुरक्षित यात्रा हेतु जनपद पुलिस मुस्तैदी से जुटी हुई है। गत रात्रि को पुलिस कंट्रोल रूम रुद्रप्रयाग के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ श्रद्धालु मुख्य यात्रा मार्ग को छोड़कर श्री केदारनाथ धाम से नीचे जल्दी पहुंचने की चाह में शॉर्टकट रास्ते का उपयोग करते हुए नदी किनारे (भीमबली व लिंचोली के मध्य) अत्यंत दुर्गम एवं संकरे स्थान पर फंस गये हैं।

सूचना प्राप्त होते ही मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए चौकी भीमबली से अपर उपनिरीक्षक यशपाल सिंह मय आरक्षी रामनारायण ध्यानी तथा चौकी लिंचोली से चौकी प्रभारी अनूप शर्मा मय पुलिस टीम तत्काल रवाना हुये। इसके साथ ही YMF लीडर चंद्रप्रकाश व DDRF की टीमों को भी मौके के लिए रवाना कर त्वरित समन्वय स्थापित किया गया।

रात्रि के घने अंधेरे, भौगोलिक विषमताओं तथा नदी किनारे के अत्यंत कठिन रास्तों के बावजूद संयुक्त रेस्क्यू टीम ने बेहतर समन्वय और अदम्य साहस का परिचय देते हुए चारों श्रद्धालुओं को ढूंढ निकाला। रेस्क्यू टीम द्वारा अत्यंत सावधानीपूर्वक रस्सी व अन्य उपकरणों के सहयोग से चारों फंसे हुए श्रद्धालुओं को मुख्य मार्ग पर सकुशल वापस लाया गया।

सुरक्षित बाहर निकाले जाने पर श्रद्धालुओं द्वारा रुद्रप्रयाग पुलिस एवं रेस्क्यू टीमों की त्वरित कार्यवाही व जीवन रक्षा के लिए सहृदय आभार प्रकट किया गया।

 रेस्क्यू किये गये श्रद्धालुओं का विवरण

1-  राहुल तिवारी पुत्र स्व0 श्याम सुंदर तिवारी, निवासी 93 III फ्लोर, कृष्णा नगर, पूर्वी दिल्ली, उम्र 39 वर्ष

2- रोहन रावत पुत्र कुलदीप सिंह रावत, निवासी साकेत, संगम विहार, दिल्ली, उम्र 19 वर्ष

3- कुमारी झंकार पुत्री अश्वनी कुमार, निवासी मकान नंबर 321, कृष्ण गली, आदर्श मोहल्ला, सीलमपुर, दिल्ली।

4- कुमारी निकिता पुत्री कुलदीप सिंह रावत, निवासी साकेत, संगम विहार, दिल्ली।

श्री केदारनाथ धाम यात्रा पर आने वाले समस्त श्रद्धालुओं से रुद्रप्रयाग पुलिस अपील करती है कि यात्रा हेतु निर्धारित मुख्य पैदल मार्ग का ही अनुगमन करें। पहाड़ी क्षेत्रों में भौगोलिक परिस्थितियां अत्यधिक विषम होती हैं।

जल्दी पहुंचने या कौतूहल के चक्कर में किसी भी प्रकार के शॉर्टकट व अनजान रास्तों का चयन कदापि न करें। ऐसा करना जानलेवा सिद्ध हो सकता है। किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल नजदीकी पुलिस कोतवाली/चौकी अथवा 112 को सूचित करें।

रुद्रप्रयाग पुलिस आपकी सुगम तथा सुरक्षित यात्रा हेतु प्रतिबद्ध है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button