सोनप्रयाग पुलिस ने चोरी हुए खच्चर किए बरामद, मामले से सम्बन्धित एक अभियुक्त हुआ गिरफ्तार

रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम यात्रा के मुख्य पड़ाव सोनप्रयाग क्षेत्र से स्थानीय आजीविका का मुख्य साधन माने जाने वाले दो कीमती खच्चर संदिग्ध परिस्थितियों में गायब/चोरी हो गए थे। शिकायतकर्ता की तहरीर के आधार पर थाना सोनप्रयाग में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी गुप्तकाशी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सोनप्रयाग सुरेश चन्द्र बलूनी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने सोनप्रयाग व आसपास के यात्रा मार्गों के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।
इसके साथ ही स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय कर संदिग्ध रास्तों पर निगरानी बढ़ाई गई। पुलिस टीम की कड़ी मशक्कत और पतारसी-सुरागसी के आधार पर 08 सितम्बर 2026 की देर रात्रि जनपद चमोली के नन्दप्रयाग क्षेत्र से अभियुक्त को दबोच लिया गया।
अभियुक्त के कब्जे से चोरी किए गए दोनों खच्चर (कुल अनुमानित कीमती ₹4.5 लाख) सुरक्षित बरामद किये गये। अभियुक्त को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
अभियुक्त का विवरण
नाम: मदन सिंह नेगी पुत्र स्व0 नैन सिंह नेगी, निवासी ग्राम-स्यारी बंगाली, पोस्ट-बंगाली, थाना-नन्दानगर, जनपद-चमोली।
पुलिस टीम का विवरण
1- उ.नि. हर्ष मोहन — कोतवाली सोनप्रयाग
2- अ.उ.नि. महेन्द्र सिंह नेगी — कोतवाली सोनप्रयाग
3- आरक्षी कुलदीप भारती — कोतवाली सोनप्रयाग
4- आरक्षी विपिन भण्डारी — कोतवाली सोनप्रयाग



