रूद्रप्रयाग

सार्वजनिक कार्यों में शराब परोसने व अवैध बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध

उषाडा ग्राम पंचायत की देखरेख समिति का सर्वसम्मत निर्णय, जिला प्रशासन को भेजी सूचना

खबर को सुनें

लक्ष्मण सिंह नेगी/ऊखीमठ। 

तुंगनाथ घाटी की ग्राम पंचायत उषाडा में आयोजित देखरेख समिति की महत्वपूर्ण बैठक में गांव की सामाजिक व्यवस्था और सांस्कृतिक मर्यादाओं को बनाए रखने के उद्देश्य से कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि ग्राम पंचायत क्षेत्र में आयोजित किसी भी सार्वजनिक कार्य, धार्मिक आयोजन अथवा सामुदायिक कार्यक्रमों में शराब परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

साथ ही गांव की सीमा के भीतर अवैध शराब की बिक्री पर भी सख्ती से रोक लगाने का निर्णय लिया गया। बैठक में उपस्थित समिति के सदस्यों तथा ग्रामीणों ने कहा कि सार्वजनिक आयोजनों में शराब परोसने की बढ़ती प्रवृत्ति से सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है तथा कई बार विवाद और अनुशासनहीनता की स्थितियां भी पैदा हो सकती हैं। इस कारण गांव की परंपराओं, सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक सौहार्द को बनाए रखने के लिए यह निर्णय आवश्यक समझा गया।

गामीणों ने यह भी कहा कि गांव के युवाओं और नई पीढ़ी को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखने के लिए समाज को स्वयं पहल करनी होगी। इसी सोच के तहत अवैध शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया है। यदि गांव की सीमा के भीतर किसी भी व्यक्ति द्वारा अवैध शराब का कारोबार करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए प्रशासन को अवगत किया जाएगा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि ग्राम स्तर पर एक निगरानी समिति बनाई जाएगी, जो समय-समय पर गांव में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखेगी और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित विभागों को देगी। इसके साथ ही सामाजिक जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा सके।

देखरेख समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि बैठक में लिए गए निर्णय की लिखित सूचना जिला प्रशासन को भेज दी गई है, ताकि प्रशासनिक स्तर पर भी इस निर्णय को संज्ञान में लेकर आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा सके।

ग्रामीणों ने आशा व्यक्त की कि इस निर्णय से गांव में अनुशासन, सामाजिक सद्भाव और स्वस्थ वातावरण को बढ़ावा मिलेगा तथा आने वाली पीढ़ी को नशे जैसी बुरी आदतों से बचाने में भी मदद मिलेगी। बैठक प्रधान प्रतिपाल बजवाल, देख – रेख समिति अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह बजवाल, प्रमोद सिंह, आशीष सिंह, मननवर सिंह, दिनेश सिंह , सतेन्द्र सिंह, जय सिंह, गजे सिंह, शिशुपाल सिंह, भूपेन्द्र सिंह, नितिन सिंह, मुकेश सिंह, सतवीर सिंह, पंकज सिंह, विनोद सिंह, सुमित सिंह, अनुज सिंह, चन्द्र मोहन सिंह, बृजमोहन सिंह, बलवन्त सिंह हरेंद्र सिंह, महावीर सिंह ,दर्शन सिंह, दीवान सिंह, जीतपाल सिंह मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button