तीन दिवसीय द्वितीय काफल फेस्टिवल का भव्यता के साथ समापन

लक्ष्मण सिंह नेगी/
ऊखीमठ । पांडवाज ग्रुप व ग्राम पंचायत सारी के ग्रामीणों के सयुंक्त तत्वावधान में पर्यटन स्थल सारी – देवरियाताल में आयोजित तीन दिवसीय द्वितीय काफल फेस्टिवल के समापन अवसर पर अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये गये जिसका दर्शकों ने देर सांय तक भरपूर लुत्फ उठाया।
तीन दिवसीय काफल फेस्टिवल के समापन अवसर पर सारी गांव सहित तुंगनाथ घाटी के विभिन्न गांवों के ग्रामीणो व देश – विदेश के सैलानियों ने शामिल होकर भरपूर आनन्द उठाया। काफल फेस्टिवल के समापन अवसर पर विशेषज्ञो ने पर्यावरण संरक्षण व संवर्धन के जरिये ग्रामीणो को अनेक सुझाव दी तथा पांडवाज व महिला मंगल दल सारी द्वारा स्टाल लगाकर देश – विदेश के पर्यटकों व सैलानियों को स्थानीय व्यंजन से रूबरू करवाया।
तीन दिवसीय काफल फेस्टिवल के समापन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने पांडवाज के कार्यक्रमों की भूरि – भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि पांडवाज ग्रुप ने केदार घाटी की लोक संस्कृति को विश्व मे विशिष्ट पहचान दिलाने के लिए सराहनीय पहल की है ।
उन्होंने कहा कि पर्यटक स्थल देवरियाताल व सारी गांव धीरे – धीरे पर्यटन मानचित्र पर विशिष्ट पहचान बना चुका है इसलिए प्रति वर्ष हजारो पर्यटक व सैलानी यहाँ की खूबसूरती से रूबरू हो रहे है जिससे तीर्थाटन, पर्यटन व्यवसाय मे खासा इजाफा हो रहा है । केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने कहा के पांडवाज ग्रुप के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय काफल फेस्टिवल के आयोजन से युवाओं व ग्रामीणों में नव ऊर्जा संचार हुआ है ।
क्षेत्र पंचायत प्रमुख पंकज शुक्ला ने कहा कि पांडवाज ग्रुप साहित्य , संगीत व समाज के लिए हमेशा अनूठी पहल करता आया है। जिला पंचायत सदस्य परकण्डी प्रीति पुष्वाण ने कहा कि पर्यटक स्थल देवरिया ताल व सारी गांव पर्यटन मानचित्र पर विशिष्ट पहचान बना चुका है इसलिए वर्ष भर यहां पर्यटकों का आवागमन जारी रहता है। काफल फेस्टिवल के समापन अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार राहुल कोठियाल व पर्यावरणविद डा0 हेमन्त ध्यानी ने ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण, संवर्धन, पालीथीन उन्मूलन तथा ग्लोबल वार्मिंग सहित विभिन्न मुद्दों पर परिचर्चा के माध्यम के जनननसमूह को अनेक जानकारी दी ।
पांडवाज के प्रभारी सलिल डोभाल ने बताया कि तीन दिवसीय काफल फेस्टिवल मे सारी, तुंगनाथ घाटी , चमोली , श्रीनगर, पौड़ी सहित विभिन्न जिलों के युवाओं काफल फेस्टिवल में प्रतिभाग किया तथा मैराथन दौड़, रस्साकसी सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गयी । इस अवसर पर तीन दिवसीय काफल फेस्टिवल में विशेष सहयोग करने वालों को पांडवाज द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया ।
इस मौके पर प्रधान अनीता देवी , क्षेत्र पंचायत सदस्य भरत सिंह नेगी , उपजिलाधिकारी अनिल सिंह रावत , वन पंचायत सरपंच मुरली सिंह नेगी , हिमालयन ग्रामीण संस्था अध्यक्ष कैलाश पुष्वाण, जगदीश नेगी, नव युवक मंगल दल अध्यक्ष उमेन्द्र भट्ट, पूर्व सहायक सूचना अधिकारी गजपाल भट्ट, रमेश नौटियाल, त्रिभुवन चौहान , आशुतोष भण्डारी , सुशीला भण्डारी, साक्षी पोखरियाल , सतीश भट्ट, जसवीर नेगी, हरिहर रावत , सहित पांडवाज के पदाधिकारी, सदस्य, स्वयंसेवक, विभिन्न क्षेत्रो के जनप्रतिनिधि व ग्रामीण मौजूद थे ।



