उखीमठरूद्रप्रयाग

ग्राम पंचायत गडगू में सार्वजनिक कार्यों में शराब परोसने पर लगी रोक

जन - जागरूकता अभियान तेज, तहसील प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

खबर को सुनें

लक्ष्मण सिंह नेगी/उखीमठ। 

मदमहेश्वर घाटी की ग्राम पंचायत गडगू में सामाजिक सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सार्वजनिक कार्यों एवं आयोजनों में शराब परोसने पर पूर्ण रूप से रोक लगा दी गई है। ग्राम सभा के इस निर्णय के बाद क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बना हुआ है, वहीं महिलाओं और युवाओं ने मिलकर गांव में व्यापक जन-जागरूकता अभियान भी चलाया।

ग्राम पंचायत गडगू में प्रधान श्रीमती सरिता नेगी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए कहा कि विवाह, धार्मिक अनुष्ठान, सामाजिक कार्यक्रमों एवं अन्य सार्वजनिक आयोजनों में शराब परोसने से सामाजिक ताना-बाना प्रभावित होता है और इससे आपसी विवाद, घरेलू हिंसा तथा अन्य सामाजिक बुराइयों को बढ़ावा मिलता है। ऐसे में गांव को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से यह ठोस पहल की गई है।

बैठक के बाद महिला मंगल दल , युवक मंगल दलो और सामाजिक संगठनों ने गांव के प्रत्येक तोक और बस्ती में जाकर लोगों को जागरूक किया। इस दौरान रैलियां निकालकर, नारे लगाकर और घर-घर संपर्क कर ग्रामीणों को शराब के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। महिलाओं ने स्पष्ट कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण में सभी की भागीदारी आवश्यक है और इसके लिए वे निरंतर अभियान चलाती रहेंगी।

युवाओं ने भी इस पहल में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाते हुए कहा कि गांव का भविष्य स्वस्थ और सकारात्मक वातावरण में ही सुरक्षित है। उन्होंने सार्वजनिक कार्यक्रमों में शराब परोसने वालों के खिलाफ सामाजिक स्तर पर कड़ी कार्रवाई की बात कही और सभी से इस निर्णय का पालन करने की अपील की।

इस संबंध में ग्राम प्रधान एवं ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी अनिल सिंह रावत को एक ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में गांव के निर्णय से प्रशासन को अवगत कराते हुए इस पर प्रभावी निगरानी एवं आवश्यक सहयोग की मांग की गई है, ताकि नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके।

ग्रामीणों का कहना है कि इस निर्णय से गांव में सामाजिक समरसता बढ़ेगी, पारिवारिक वातावरण सुधरेगा और युवा पीढ़ी नशे से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ेगी। साथ ही यह पहल अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

जिलाधिकारी को मिले प्रतिनिधिमंडल में प्रधान श्रीमती सरिता नेगी , भाजपा मण्डल अध्यक्ष दलवीर नेगी, महिला मंगल दल अध्यक्ष सागरा देवी, सचिव सीमा देवी, कोषाध्यक्ष कुसुम देवी, नव युवक मंगल दल अध्यक्ष नवीन सिंह, कोषाध्यक्ष प्रमोद सिंह, गीता देवी, आशा देवी, ममता देवी, प्रियंका देवी, अनीता देवी, रामेश्वरी देवी, पूजा देवी, दीपा देवी, सुरमा देवी, प्रेमा देवी, दीपक सिंह, अखिलेश सिंह, नारायण सिंह, दिग्विजय सिंह मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button