रूद्रप्रयाग

स्यालसौड़ में उक्रांद की चिन्तन बैठक सम्पन्न

आगामी विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान

खबर को सुनें

ऊखीमठ । उत्तराखंड क्रांति दल की केन्द्रीय कार्य समिति की एक महत्वपूर्ण चिन्तन बैठक स्यालसौड़ में सम्पन्न हुई। बैठक में प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों—जल, जंगल, जमीन, पलायन, बेरोजगारी तथा स्थायी राजधानी गैरसैंण—पर व्यापक चर्चा की गई। बैठक में केन्द्रीय पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड के मूल मुद्दों पर गंभीर मंथन करते हुए कहा कि राज्य गठन के पीछे जिन मूल उद्देश्यों की परिकल्पना की गई थी, वे आज भी अधूरे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों से सत्तासीन दलों ने प्रदेश के संसाधनों का समुचित उपयोग नहीं किया, जिससे आम जनता को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है।

चिन्तन बैठक के बाद उक्रांद के केन्द्रीय पदाधिकारियों ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि जल, जंगल और जमीन के संरक्षण को प्राथमिकता देने पर जोर देने की आवश्यकता है । कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी प्राकृतिक संपदा से है, लेकिन लगातार हो रहे अतिक्रमण और अव्यवस्थित विकास के कारण पर्यावरणीय संतुलन बिगड़ रहा है। इसके साथ ही युवाओं के पलायन और बढ़ती बेरोजगारी को भी गंभीर चिंता का विषय बताया गया।

स्थायी राजधानी के मुद्दे पर उक्रांद नेताओं ने स्पष्ट किया कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग पर दल पूरी मजबूती से आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि गैरसैंण राज्य की भौगोलिक व सांस्कृतिक दृष्टि से उपयुक्त राजधानी है और इसे लेकर जनता की भावनाओं का सम्मान होना चाहिए। कहां कि आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड क्रांति दल प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगा।

उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय दल ही उत्तराखंड के हितों की सच्ची आवाज बन सकता है और जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएगा। कहां कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ ही जनसंपर्क अभियान को तेज किया जाएगा और गांव-गांव जाकर जनता को पार्टी की नीतियों से अवगत कराया जाएगा।

केंद्रीय पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश के सर्वांगीण विकास, पर्यावरण संरक्षण और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा। इस मौके पर केंद्रीय अध्यक्ष सुरेन्द्र कुकरेती, पूर्व विधायक काशी सिंह ऐरी, पुष्पेश त्रिपाठी, पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष पूरण सिंह कठैत, कार्यकारी अध्यक्ष पंकज ब्यास, सुशील उनियाल, गणेश काला, आशुतोष नेगी, किरन रावत, श्रीमती रेखा, श्रीमती रमा चौहान, रूद्रप्रयाग जिलाध्यक्ष बलवीर चौधरी, कार्यक्रम संयोजक देवेन्द्र चमोली, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी आशुतोष भण्डारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button