ग्राम पंचायत अखोडी में महिला मंगल दल की बैठक में लिया गया महत्वपूर्ण फैसला
सार्वजनिक कार्यों में शराब परोसने पर लगी पाबंदी

लक्ष्मण सिंह नेगी/ऊखीमठ।
क्यूंजा घाटी की ग्राम पंचायत अखोडी में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए महिला मंगल दल की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता महिला मंगल दल की अध्यक्ष अनीता देवी ने की, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने भाग लिया।
बैठक में गांव के सामाजिक परिवेश को बेहतर बनाने तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण पर विस्तार से चर्चा की गई। महिलाओं ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि गांव में किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम, सामाजिक आयोजन या समारोह में शराब परोसने पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा ।
महिलाओं ने कहा कि शराब के कारण परिवारों में कलह, आर्थिक संकट और सामाजिक असंतुलन जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं, जिन्हें समाप्त करना बेहद आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति इस निर्णय का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ सामूहिक रूप से कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के उपरांत महिला मंगल दल के नेतृत्व में गांव में जन-जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली के दौरान महिलाओं ने “नशा छोड़ो, समाज जोड़ो” और “स्वस्थ गांव, खुशहाल परिवार” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। जिला पंचायत सदस्य अजयवीर भण्डारी, सामाजिक कार्यकर्ता कुंवर सिंह नेगी ने महिलाओं की पहल का समर्थन करते हुए महिलाओं के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर महिला मंगल दल सचिव सुषमा देवी ने कहा कि महिलाओं की एकजुटता से ही समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है। उन्होंने युवाओं से भी अपील की कि वे नशे से दूर रहकर समाज निर्माण में योगदान दें। ग्राम पंचायत अखोडी में लिया गया यह निर्णय न केवल क्षेत्र के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है, बल्कि अन्य गांवों के लिए भी एक मार्गदर्शक साबित हो सकता है।
महिला मंगल दल की इस पहल से गांव में सामाजिक सुधार की नई उम्मीद जगी है। इस मौके पर पूर्व प्रधान रेखा देवी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य रशिम देवी, कोषाध्यक्ष अनीता देवी, ममता देवी, मीना देवी, उषा देवी, सरिता देवी, सुनीता देवी, संगीता देवी, संगीता देवी, प्रेमदेई देवी, शान्ति देवी, प्रेमलता देवी, गुड्डी देवी सहित भारी संख्या में मातृशक्ति मौजूद रहीं।



