दुखद: श्रीनगर गढ़वाल की अलकनंदा नदी में डूबा एनआईटी का छात्र, तलाश जारी

पौड़ी।श्रीनगर गढ़वाल- एनआईटी श्रीनगर में अध्ययनरत एक छात्र के अलकनंदा नदी में डूबने की दुखद घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, (बीटेक तृतीय वर्ष, कंप्यूटर साइंस), निवासी तेलंगाना, रविवार को एसएसबी श्रीनगर के समीप अलकनंदा नदी में नहाने के दौरान अचानक गहरे पानी में समा गया।
बताया जा रहा है कि यह घटना लगभग सायं 4 बजे की है। छात्र अपने साथियों के साथ नदी किनारे गया हुआ था। इसी दौरान नहाते समय वह संतुलन खो बैठा और तेज बहाव में बह गया। साथियों द्वारा शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और छात्र की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू कर दिया गया। देर शाम तक छात्र का कोई सुराग नहीं लग पाया था,जबकि रेस्क्यू टीमों द्वारा लगातार प्रयास जारी हैं।
स्थानीय प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी-नालों में नहाते समय विशेष सावधानी बरतें, विशेषकर तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहें।



