
पौड़ी। जिला मुख्यालय पौड़ी में कांग्रेस पर समाज को बांटने और अनुसूचित समाज के बीच भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा ने सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य त्रियुगीनारायण और प्रदेश मंत्री युवा मोर्चा भाजपा अमित मैखंडी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि अनुसूचित जाति समाज के बीच भ्रम और झूठ फैलाकर सामाजिक सौहार्द को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है।
अमित मैखंडी ने कहा कि समाज को बांटने की राजनीति उत्तराखंड की संस्कृति के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि भाजपा का स्पष्ट संकल्प है—
“न समाज बंटेगा, न भाईचारा टूटेगा, झूठ की राजनीति हारेगी और सामाजिक सौहार्द जीतेगा।”
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना के साथ अनुसूचित समाज को सम्मान, अधिकार और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का दावा भी किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत, पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी, श्रीनगर महापौर आरती भंडारी, अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष नरेंद्र टम्टा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र टम्टा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष गणेश राठी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
धरना-प्रदर्शन में अनुसूचित मोर्चा के मंडल अध्यक्षों और पदाधिकारियों के साथ सैकड़ों की संख्या में मातृशक्ति, युवा और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
संदेश साफ था—राजनीतिक मतभेद अपनी जगह, लेकिन सामाजिक भाईचारे से कोई समझौता नहीं।



