
नई दिल्ली/गढ़वाल। मालवीय नगर होटल अग्निकांड मामले में जमानत पर रिहा हुए केशर नेगी ने बुधवार को अपने परिवार सहित गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान सांसद ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में किसी भी नागरिक को न्याय दिलाने का प्रयास जनप्रतिनिधि होने के नाते उनका दायित्व है।
सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि उनका सदैव यह विश्वास रहा है कि प्रत्येक व्यक्ति को निष्पक्ष जांच, न्यायपूर्ण कानूनी प्रक्रिया और अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि सत्य शीघ्र सामने आए और न्याय की स्थापना हो। साथ ही उन्होंने कहा कि समाज में सुरक्षा, संवेदनशीलता और कानून के प्रति विश्वास सर्वोपरि होना चाहिए।
गौरतलब है कि दिल्ली के साकेत कोर्ट ने मालवीय नगर होटल अग्निकांड मामले में गिरफ्तार कुक केशर नेगी को जमानत दे दी है। एडिशनल सेशंस जज समर विशाल ने जमानत मंजूर करते हुए आदेश पारित किया। इससे पहले 8 जून को कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी।
दिल्ली पुलिस ने जून में इस मामले में केशर नेगी को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने जांच के दौरान होटल के मालिक लवकेश बजाज और मैनेजर जय मिश्रा को भी आरोपी बनाते हुए गिरफ्तार किया था। मामले की जांच अभी जारी है और अंतिम निर्णय न्यायालय में लंबित है।
सांसद से मुलाकात के बाद इस मामले को लेकर एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा तेज हो गई है। सांसद बलूनी के बयान को निष्पक्ष न्याय प्रक्रिया में विश्वास और कानून के शासन के समर्थन के रूप में देखा जा रहा है।



