एक्शन: भूस्खलन की चपेट में आने से कई दुकानों को नुक़सान,अमित मैखंडी ने उठाई मुआवजे की मांग
जिला पंचायत सदस्य अमित मैखंडी के पत्र पर जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने एसडीएम ऊखीमठ व ईओ नगर पंचायत को दिए संयुक्त निरीक्षण के निर्देश

रुद्रप्रयाग। गुप्तकाशी में भारी वर्षा एवं भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हुई दुकानों के मामले में जिला प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए राहत प्रक्रिया शुरू कर दी है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नन्दन सिंह रजवार ने उप जिलाधिकारी ऊखीमठ एवं अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत गुप्तकाशी को पत्र जारी कर संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर क्षति का आकलन करने तथा नियमानुसार आपदा राहत के अंतर्गत मुआवजा प्रदान किए जाने को लेकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि जिला पंचायत सदस्य त्रियुगीनारायण एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री अमित मैखंडी के पत्र (संख्या-107/डीपीसी/2026, दिनांक 28 जुलाई 2026) के आधार पर प्रकरण का संज्ञान लिया गया है।
पत्र के अनुसार, 28 जुलाई 2026 की तड़के लगभग 1:30 बजे गुप्तकाशी स्थित जीएमवीएन के समीप अत्यधिक वर्षा एवं भूस्खलन के कारण श्री ओम प्रकाश गोस्वामी एवं श्री केशव प्रसाद बहुगुणा की दुकानों को भारी क्षति पहुंची। दोनों दुकानों के लगभग पूरी तरह नष्ट हो जाने से संबंधित परिवारों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक क्षति का आकलन किया जाए तथा अपनी आख्या एवं संस्तुति सहित विस्तृत प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध कराया जाए, ताकि आपदा राहत नियमों के तहत प्रभावितों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जा सके।
प्रशासन की इस त्वरित पहल से आपदा प्रभावित दुकानदारों को शीघ्र राहत मिलने की उम्मीद जगी है।



